Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रभु यीशु मसीह ने हमें प्रेम, दया, करूणा और सेवा का मार्ग दिखाया : श्री भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज क्रिसमस पर्व पर राजधानी रायपुर के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर मसीही समाज के लोगों से मुलाकात की। प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए और मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन ‘क्रिसमस‘ की बधाई और शुभकामनाएं दी और प्रभु यीशु से सभी लोगों के लिए सुख, समृद्धि की कामना की।  

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए हमें प्रेम, दया, करूणा और सेवा का मार्ग दिखाया। आज एक महान दिन है, आज ईश्वर की दया, प्रेम और करूणा के लिए उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलने और उनकी शिक्षाओं को अपने आचरण में अपनाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम छत्तीसगढ़ के लोग परंपरागत रूप से प्रेम, सौहार्द्र, भाई-चारे, करूणा और दया के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम जिस छत्तीसगढ़ के निर्माण का सपना देखते है, वह इन्हीं गुणों से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ होगा। नवा छत्तीसगढ़ के निर्माण का सपना, प्रभु यीशु मसीह के सपनों को साकार करने का ही सपना है। आइए हम सब इस सपने को जल्द से जल्द साकार करने के लिए जुट जाएं।  

 मुख्यमंत्री ने इस मौके पर केथेड्रल में उपस्थित लोगों के साथ केक काटकर क्रिसमस सेलिब्रेट किया। चर्च में उपस्थित सभी लोगों ने प्रभु की प्रार्थना की। चर्च के गायन दल ने कैरोल गीत प्रस्तुत किए। सेन्ट पॉल केथेड्रल में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कर क्रिसमस की खुशियां मनाई गई।