Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रदेश में जैव विविधता को संरक्षित करने 24 स्थलों में बनाए जा रहे पार्क, इन जिलों में निर्माण प्रगति पर

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने राज्य में जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन के लिए हर जिले में एक-एक जैव विविधता पार्क के निर्माण का लक्ष्य रखा है। मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि राज्य में जैव विविधता पार्कों का निर्माण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे नरवा, गरवा, घुरूवा, बाड़ी कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण साबित होगा। राज्य के 24 स्थलों में लगभग 5 हजार 700 हेक्टेयर क्षेत्र में जैव विविधता पार्क का निर्माण किया जा रहा है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि राज्य में  दो चरणों में वर्ष 2018-19 और 2019-20 में स्वीकृत 50 करोड़ रुपए की राशि से 20 वन मंडलों में 24 जैव विविधता पार्क का निर्माण प्रगति पर है।

इनमें वन मंडल बस्तर में 5 करोड़ 20 लाख रुपए की राशि से 340 हेक्टेयर रकबा में जैव विविधता पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह वन मंडल सुकमा में 1 करोड़ रुपए की राशि से 546 हेक्टेयर, इंद्रावती टाईगर रिजर्व बीजापुर में 2 करोड़ रुपए और वन मंडल सरगुजा में 2 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से 433 हेक्टेयर रकबा में जैव विविधता पार्क का निर्माण प्रगति पर है। वन मंडलवार रायपुर में 5 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से 677 हेक्टेयर, राजनांदगांव में 2 करोड़ 50 लाख  रुपए की राशि से 86 हेक्टेयर, कांकेर में 3 करोड़ 50 लाख  रुपए की राशि से 404 हेक्टेयर और बिलासपुर में 2 करोड़ 50 लाख  रुपए की राशि से 280 हेक्टेयर रकबा में जैव विविधता पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह वन मंडलवार बलौदाबाजार में 3 करोड़ रुपए से 562 हेक्टेयर, धमतरी में 2 करोड़ 50 लाख  रुपए से 1000 हेक्टेयर, रायगढ़ में 3 करोड़  रुपए से 100 हेक्टेयर और कोरबा में 2 करोड़  रुपए की राशि से 200 हेक्टेयर रकबा में जैव विविधता पार्क का निर्माण प्रगति पर है।