अब वह समय दूर नहीं जब लोग मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा केवल 2 घंटे में पूरी कर पाएंगे। भारत में बुलेट ट्रेन का सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। खास बात यह है कि भारत में अब जापान की सबसे आधुनिक हाई स्पीड बुलेट ट्रेन भी चलेगी, जिसका नाम E10 सीरीज शिंकानसेन बुलेट ट्रेन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान जापान भारत को यह ट्रेन देने के लिए सहमत हो गया है।
**आइए जानते हैं कि E10 सीरीज की क्या खासियत है? यह मौजूदा बुलेट ट्रेन से कितनी अलग है? इसमें क्या-क्या सुविधाएं हैं? यह आधुनिक बुलेट ट्रेन भारत कब तक आएगी?**
E10 सीरीज शिंकानसेन जापान द्वारा तैयार की जा रही एक उन्नत बुलेट ट्रेन है। यह मौजूदा समय में चल रही E5 और E3 जैसी सीरीज वाली बुलेट ट्रेन का सबसे अपडेट और उन्नत संस्करण होगा। इस बुलेट ट्रेन की विशेषता यह है कि यह भूकंप के झटके भी झेल सकती है। यह तेज गति में होने के बावजूद मौजूदा ट्रेनों से जल्दी रुक सकती है। इसमें सुविधाएं और आराम भी ज्यादा है।
## E10 सीरीज की खासियत
E10 शिंकानसेन सीरीज को जापान की रेलवे ने बनाया है। इसकी रफ्तार 320 किमी प्रति घंटा है। हालांकि पूरी क्षमता से चलाया जाए तो यह 360 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसका ब्रेकिंग सिस्टम भी उन्नत है। ट्रेन शीर्ष गति से रुकने के लिए 3.4 किमी से कम दूरी लेती है, जबकि E5 को 4 किमी की आवश्यकता होती है। इसमें इंजन भी ज्यादा शक्तिशाली और उन्नत है। इसे भविष्य में पूरी तरह स्वचालित तरीके से भी चलाया जा सकता है।
## भारत में कब आएगी यह ट्रेन
E10 शिंकानसेन सीरीज वर्तमान में निर्माण के चरण में है। जापान में भी E10 बुलेट ट्रेन 2030 तक शुरू होगी। इन्हें E5 और E2 सीरीज से बदला जाएगा। शुरुआत में भारत को भी E5 और एक E3 ट्रेन अस्थायी तौर पर दी जाएंगी। 2027-28 में जब मुंबई-अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन शुरू होगी तब उस समय E5 ट्रेन चलेगी। बाद में इन ट्रेनों को भी E10 सीरीज से बदला जाएगा। जापान दौरे पर मोदी ने उस फैक्टरी का भी दौरा किया जहां E10 ट्रेन बन रही है।
## जापान क्यों देगा इतनी एडवांस ट्रेन?
शुरुआत में जापान की योजना भारत को E5 सीरीज शिंकानसेन ट्रेन देने की थी, लेकिन परियोजना में देरी और जापान की नई तकनीक आने के कारण अब भारत को अगली पीढ़ी की E10 सीरीज की पेशकश की गई है। इसका डिज़ाइन जापान के प्रसिद्ध चेरी ब्लॉसम फूलों से प्रेरित है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह भूकंपरोधी है। इसमें L-आकार के गाइड लगे हैं जो ट्रेन को झटकों में पटरी से उतरने से बचाते हैं। E10 ट्रेनों में E5 के मुकाबले ज्यादा सामान रखने की जगह, व्हीलचेयर यात्रियों के लिए खास विंडो सीट और लग्जरी सीटिंग व्यवस्था होगी।
## भारत में बुलेट ट्रेन
भारत लंबे समय से बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रहा है। हालांकि, 2028 तक पहली बुलेट ट्रेन शुरू हो सकती है। भारत में इसे हाई-स्पीड रेल परियोजना नाम दिया गया है। अब काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2027 तक इसका पहला हिस्सा गुजरात में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि 2028 तक पूरी 508 किलोमीटर का रूट चालू हो जाएगा, जिससे गुजरात और मुंबई का सफर सिर्फ दो घंटे सात मिनट में पूरा हो जाएगा। यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद तक की दूरी सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में तय करेगी।
## बुलेट ट्रेन में क्यों हुई देर
भारत में पहली बार 2009 में हाई-स्पीड रेल की संभावना पर अध्ययन शुरू हुआ था। इसके बाद रेलवे मंत्रालय और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) को रिपोर्ट बनाने में 4 साल लगे। फंड की वजह से समझौते तक पहुंचने में 2 साल और लगे। बाद में जापान प्रोजेक्ट के लिए 80% फंड सस्ते लोन के रूप में देने के लिए तैयार हुआ। साल 2017 में मुंबई-अहमदाबाद के बीच पहले हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट (MAHSR) की नींव रखी गई थी। उस वक्त पीएम मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखाई। शुरुआत में काम बहुत धीमा रहा, लेकिन अब प्रोजेक्ट 2028 तक पूरा हो सकता है।