नई दिल्ली ऑटो एक्सपो 2023 में पेश की गई मारुति जिम्नी आज भारत से सबसे ज्यादा निर्यात की जाने वाली दूसरी गाड़ी बन गई है। इसे 7 जून 2023 को भारत में लॉन्च किया गया था। इसका लक्ष्य उन ग्राहकों को आकर्षित करना था जो ऑफ-रोडिंग के शौकीन हैं और ऑफ-रोडर गाड़ियाँ खरीदना पसंद करते हैं। जिम्नी एक बॉडी-ऑन-फ्रेम 4X4 SUV है, जिसे विशेष रूप से ऑफ-रोडिंग के लिए बनाया गया है। भारत में इसका सीधा मुकाबला महिंद्रा थार से है।
दिलचस्प बात यह है कि मारुति जिम्नी के थ्री-डोर मॉडल ने ग्लोबल मार्केट में अपने डिजाइन और ऑफ-रोडिंग क्षमता के दम पर जबरदस्त सफलता हासिल की है। मारुति जिम्नी भारत में बनी SUVs में निर्यात के लिए सबसे ज्यादा मांग वाली दूसरी गाड़ी है। हालांकि, घरेलू बाजार में इसका प्रदर्शन कमजोर रहा है। अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच देश में केवल 2,449 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल से 39% कम हैं, लेकिन विदेशों में इसकी शिपमेंट 24,384 यूनिट रही, जो 27% अधिक है।
मारुति सुजुकी ने नवंबर 2020 से गुरुग्राम प्लांट से थ्री-डोर जिम्नी का उत्पादन शुरू किया था, जिसे अफ्रीका और मिडिल ईस्ट के लेफ्ट-हैंड और राइट-हैंड-ड्राइव बाजारों में निर्यात के लिए बनाया गया था। फाइव-डोर जिम्नी, जो मूल सुजुकी ऑफ-रोडर का लंबा संस्करण है, विशेष रूप से भारत के लिए विकसित की गई ताकि इसमें चार वयस्क आराम से बैठ सकें और अधिक ग्राहकों को आकर्षित किया जा सके। इसे कंपनी के प्रीमियम नेक्सा चैनल के माध्यम से बेचा जाता है और इसका उत्पादन मारुति सुजुकी इंडिया के गुरुग्राम प्लांट में होता है, जो इस SUV का ग्लोबल मदर प्रोडक्शन हब है।
करीब तीन साल बाद मारुति जिम्नी के 5-डोर संस्करण को अक्टूबर 2023 में घरेलू बाजार में लॉन्च किया गया था। लॉन्च के तीन महीने बाद कंपनी ने इसे लैटिन अमेरिका, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका में निर्यात करना शुरू किया। मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली। भारत में बनी जिम्नी 5-डोर के निर्यात को और गति तब मिली जब 30 जनवरी 2025 को सुजुकी मोटर कॉर्प ने इसे जापान में Nomade नाम से लॉन्च किया।
नई जीएसटी दरें लागू होने के साथ ही मारुति जिम्नी की कीमतों में आधिकारिक तौर पर बदलाव किया गया है। 51,900 रुपये तक की कटौती के बाद अब इसकी शुरुआती कीमत 12.32 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसके टॉप मॉडल की कीमत ₹14.45 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जाती है। जिम्नी में आधुनिक फीचर्स और 4X4 सिस्टम के साथ दमदार पेट्रोल इंजन दिया गया है।