स्पेस और सीटिंग कैपेसिटी की बढ़ती मांग को देखते हुए फुल साइज SUV की लोकप्रियता बढ़ रही है। Mahindra XUV 7OO और Tata Safari फिलहाल ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। लेकिन अब अगले 12 से 15 महीनों में Honda, Renault और Nissan की नई SUVs आने वाली हैं, जो XUV 7OO और Safari को कड़ी टक्कर दे सकती हैं।
Honda 7 सीटर SUV
Gaadiwaadi के अनुसार, होंडा की नई 7 सीटर SUV कंपनी के नए PF2 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो पेट्रोल, स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक विकल्पों के साथ संगत होगी। यह कंपनी की थ्री-रो वाली नई SUV होगी, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यह एलिवेट का ही विस्तारित संस्करण हो सकता है, यानी एलिवेट को 7 सीटर और बड़े आकार में उतारा जा सकता है।
इस SUV को कंपनी के राजस्थान स्थित Tapukara प्लांट में स्थानीय रूप से तैयार किया जाएगा। इंजन विकल्पों की बात करें तो इस गाड़ी में 1.5 लीटर 4 सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो Honda City और Honda Elevate में भी मिलता है। इसके अतिरिक्त, टॉप वेरिएंट में Atkinson स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड का उपयोग किया जा सकता है।
Renault 7 सीटर SUV
रेनो अगले साल यानी 2026 के अंत तक नई 7 सीटर SUV को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। यह Duster SUV का 7 सीटर संस्करण हो सकता है। डिजाइन के मामले में, रेनो की 7 सीटर SUV की अपनी अलग पहचान होगी और लंबी होने के कारण केबिन में अधिक जगह होने की उम्मीद है।
Nissan 7 सीटर SUV
निसान इंडिया के एमडी सौरभ वत्स ने हाल ही में 2027 की शुरुआत में डी-सेगमेंट प्रीमियम SUV के लॉन्च की पुष्टि की है। थ्री-रो और सात सीटर वाली निसान SUV नई मिड-साइज SUV पर आधारित होगी। इस SUV में 360 डिग्री कैमरा, लेवल 2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और डुअल-पैन सनरूफ जैसी खूबियां दी जा सकती हैं। पेट्रोल इंजन और हाइब्रिड तकनीक के अलावा, टॉप वेरिएंट में 4×4 ड्राइविंग सिस्टम होने की भी संभावना है।