भारतीय कार खरीदारों के लिए सुरक्षा अब सबसे महत्वपूर्ण कारक बन गया है। यही कारण है कि लोग सिर्फ़ लुक्स और परफॉर्मेंस पर ही नहीं, बल्कि सुरक्षा सुविधाओं और क्रैश रेटिंग पर भी ध्यान देने लगे हैं। पिछले एक साल में, भारत NCAP ने कई प्रकार की SUVs को अपने क्रैश टेस्ट प्रोग्राम से गुज़ारा है।
नई गाड़ी चुनते समय, भारतीय कार खरीदारों के लिए सुरक्षा सबसे ज़रूरी फैक्टर में से एक बन गई है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, आज हम आपको भारत में मौजूद 5 सबसे सुरक्षित SUVs के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इन सभी SUVs को भारत NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिली है।
**1. महिंद्रा XEV 9e:**
XEV 9e को एडल्ट सुरक्षा के लिए 32 में से 32 और बच्चों की सुरक्षा के लिए 49 में से 45 अंक मिले हैं। कुल मिलाकर, इसे 81 में से 77 अंक मिले हैं, जो इसे भारत NCAP द्वारा अब तक की सबसे ज़्यादा अंक प्राप्त करने वाली SUV बनाता है। सुरक्षा के लिहाज़ से, XEV 9e में 7 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर और लेन-कीप असिस्ट, फ़ॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग और अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे लेवल 2 ADAS फ़ीचर हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 21.90 लाख रुपये से शुरू होती है।
**2. महिंद्रा BE 6:**
महिंद्रा बॉर्न इलेक्ट्रिक रेंज का दूसरा मॉडल, BE 6, सुरक्षा परीक्षण में 81 में से कुल 76.97 अंक हासिल करता है। एडल्ट सुरक्षा स्कोर के लिए, BE 6 ने 32 में से 31.97 अंक हासिल किए और बच्चों की सुरक्षा के लिए, इसे 49 में से 45 अंक मिले। सुरक्षा सुविधाओं में 7 एयरबैग्स, EBD के साथ ABS, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, हिल-होल्ड असिस्ट, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट, अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल और लेवल 2 ADAS शामिल हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 18.90 लाख रुपये से शुरू होती है।
**3. टाटा पंच EV:**
टाटा पंच EV, 5-स्टार रेटिंग वाली अगली SUV है, जिसने कुल 81 में से 76.46 अंक हासिल किए हैं। इसे एडल्ट सुरक्षा के लिए 31.46/32 और बच्चों की सुरक्षा के लिए 45/49 अंक मिले हैं। सुरक्षा के लिहाज़ से, इसमें 6 एयरबैग हैं। इसमें हिल-स्टार्ट असिस्ट, 360-डिग्री कैमरा, ABS के साथ EBD, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और हिल-होल्ड कंट्रोल शामिल हैं। टाटा पंच ईवी की कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होती है।
**4. महिंद्रा थार रॉक्स:**
महिंद्रा थार रॉक्स, भारत NCAP की 5-स्टार रेटिंग पाने वाली पहली बॉडी-ऑन-फ़्रेम SUV बन गई है। रॉक्स ने सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया और एडल्ट की सुरक्षा के लिए 31.09/32 और बच्चों की सुरक्षा के लिए 45/49 अंक हासिल किए। इसमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS भी दिए गए हैं। इस कार की कीमत 12.99 लाख रुपये से शुरू होती है।
**5. मारुति विक्टोरिस:**
मारुति विक्टोरिस को ग्लोबल NCAP और भारत NCAP दोनों टेस्टिंग में पूरे 5-स्टार रेटिंग मिली है। ग्लोबल NCAP के तहत एडल्ट सुरक्षा के लिए इसे 33.72/34 और बच्चों की सुरक्षा के लिए 41/49 अंक मिले, जबकि भारत NCAP में इसे 31.66/32 और 43/49 अंक मिले। सुरक्षा सुविधाओं के तौर पर इस कार में छह एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, ईएससी, आईएसओफिक्स माउंट, सभी सीटों के लिए 3-पॉइंट सीट बेल्ट, हिल होल्ड असिस्ट, ट्रैक्शन कंट्रोल और 360-डिग्री कैमरा भी मिलता है। Maruti Victoris बेस स्मार्ट हाइब्रिड मैनुअल वेरिएंट की कीमत 10,49,900 से लेकर टॉप-एंड स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल की कीमत 19,98,900 तक है।