जर्मन ऑटोमेकर Volkswagen ने अपनी आगामी कारों के लिए एक नई नामकरण रणनीति पेश की है। कंपनी अब अपनी लोकप्रिय ICE (इंटर्नल कंबशन इंजन) कारों के नामों का उपयोग इलेक्ट्रिक ID (आईडी) सीरीज में भी करेगी। इसका मतलब है कि ग्राहक को एक ही नाम में पेट्रोल/डीजल और इलेक्ट्रिक दोनों विकल्प मिलेंगे। कंपनी का मानना है कि इससे ग्राहकों के लिए उत्पाद चुनना और पहचानना आसान हो जाएगा।
Volkswagen ID. Polo, जिसे पहले ID. 2all कॉन्सेप्ट के रूप में दिखाया गया था, को 2026 में ग्लोबल बाजारों में लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही ID. Polo GTI भी पेश की जाएगी। इन दोनों मॉडलों की पहली झलक दुनिया को IAA Mobility 2025, म्यूनिख (8 से 14 सितंबर) में मिलेगी।
Volkswagen ID. Polo और ID. Polo GTI का डिज़ाइन स्टाइलिश और मॉडर्न रखा गया है। इसमें कलरफुल कैमोफ्लाज, स्पोर्टी अलॉय व्हील्स, उभरे हुए व्हील आर्च, कस्टमाइज्ड बंपर, फ्रंट डिफ्यूजर और टेलगेट पर स्प्लिट स्पॉइलर जैसी खूबियां हैं। यह कार MEB एंट्री प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी। इसकी लंबाई 4,053mm, चौड़ाई 1,816mm और ऊंचाई 1,530mm होगी।
फिलहाल, कंपनी ने ID. Polo और ID. Polo GTI के इंजन के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार, इसमें सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर और फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सिस्टम मिलेगा। पावर आउटपुट लगभग 223bhp तक हो सकता है। वोक्सवैगन भविष्य में इसका क्लब स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस वर्जन भी लॉन्च कर सकती है।
Volkswagen 7 सितंबर 2025 को एक और नया कॉन्सेप्ट पेश करेगी जिसका नाम ID. CROSS होगा। यह कंपनी की मशहूर SUV T-Cross का इलेक्ट्रिक वर्जन होगा, जिसे 2026 के अंत तक बाजार में उतारने की योजना है। नई ID. सीरीज कारों में बेहतर गुणवत्ता वाले मटेरियल, सॉफ्ट टच, डिजिटल और फिजिकल कंट्रोल्स का बेहतरीन मिश्रण और यूजर-फ्रेंडली ऑपरेटिंग सिस्टम दिया जाएगा।