कुत्तों को हमेशा से ही इंसान के सबसे अच्छे दोस्त के रूप में जाना जाता है। उनकी आँखों में बस प्यार ही दिखाई देता है। कुत्तों और इंसानों के बीच की दोस्ती पर कई खूबसूरत फिल्में बनी हैं।
आज हम आपको एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने इस रिश्ते को खूबसूरती से दर्शाया है, साथ ही यह फिल्म आपको सोचने पर मजबूर भी करती है। हम बात कर रहे हैं 2022 में आई कन्नड़ फिल्म ‘777 चार्ली’ की, जो बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट में टॉप पर आती है।
फिल्म की कहानी धर्मा नाम के एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जिंदगी से तंग आ चुका है। लेकिन एक दिन उसकी जिंदगी में एक कुत्ता फरिश्ता बनकर आता है। पहले तो धर्मा उसे दुत्कारता है, लेकिन धीरे-धीरे उसे भी उससे प्यार होने लगता है। वह उसका नाम चार्ली रखता है।
धर्मा चार्ली के साथ जीने लगता है, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब चार्ली को एक ऐसी बीमारी हो जाती है, जिसका कोई इलाज नहीं है। ऐसे में धर्मा चार्ली की बर्फ देखने की ख्वाहिश को पूरा करने के लिए सब कुछ दांव पर लगा देता है।
फिल्म की कहानी सरल है, लेकिन जिस तरह से इसे पेश किया गया है, वह आपको भावुक कर देगा। आप इस फिल्म को अमेज़न प्राइम पर देख सकते हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। यह फिल्म 15 करोड़ के बजट में बनी थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसने लागत से 7 गुना ज्यादा कमाई की। इस फिल्म ने भारत में 96 करोड़ और दुनिया भर में 102 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।