सलमान खान का रियलिटी शो बिग बॉस 19 छोटे पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। फैन्स अब कुछ ही घंटों में शो का इंतज़ार खत्म होने का इंतज़ार कर रहे हैं। दर्शकों को कन्फर्म कंटेस्टेंट्स के नामों का इंतज़ार है। मेकर्स भी प्रोमो शेयर करके दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। इस साल सलमान के शो में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की जोड़ी भी दिखाई देगी, जिसका प्रोमो मेकर्स ने जारी कर दिया है।
ये सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जोड़ी आवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर की है। मेकर्स ने शो का एक प्रोमो शेयर किया है, जिसमें दोनों डांस करते हुए नज़र आ रहे हैं। हालांकि मेकर्स ने दोनों के चेहरे को छिपाने की कोशिश की है, लेकिन समझदार के लिए एक झलक ही काफी है। आवेज़ और नगमा पिछले कई सालों से साथ हैं और एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
आवेज़ और नगमा दोनों सोशल मीडिया के लोकप्रिय इंफ्लुएंसर हैं और दोनों की ही तगड़ी फैन फॉलोइंग है। दर्शकों को यह जोड़ी बहुत पसंद है और दोनों एक साथ वीडियो शेयर करते रहते हैं। कपल के तौर पर आवेज़ और नगमा को बिग बॉस 19 में एक साथ देखना काफी दिलचस्प होगा। दर्शक लगातार दोनों के प्रोमो पर प्यार लुटा रहे हैं। बिग बॉस 19 का प्रीमियर 24 अगस्त को रात 10:30 बजे टीवी पर प्रसारित होगा।
आवेज़ दरबार मशहूर सिंगर इस्माइल दरबार के छोटे बेटे हैं और गौहर खान के देवर हैं। आवेज़ एक मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 30 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। आवेज़ रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में भी नज़र आ चुके हैं। आवेज़ डांस कोरियोग्राफर भी हैं और अपनी डांस अकादमी भी चलाते हैं। बता दें कि गौहर खान उनकी भाभी हैं, जिन्होंने बिग बॉस की ट्रॉफी जीती थी।
नगमा मिराजकर भी आवेज़ की तरह एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। नगमा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने टिकटॉक से अपने करियर की शुरुआत की थी। नगमा के इंस्टाग्राम पर 7.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह एक बेहतरीन डांसर हैं और अपने लाइफस्टाइल और फैशन सेंस के लिए जानी जाती हैं। नगमा अपना यूट्यूब चैनल भी चलाती हैं और व्लॉग्स भी शेयर करती हैं। नगमा को यो यो हनी सिंह और कुशा कपिला जैसे सेलेब्स भी फॉलो करते हैं।