साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता फहाद फासिल को हिंदी दर्शकों का भी प्यार मिला है। फहाद ने लगभग 23 सालों से साउथ सिनेमा में काम किया है और कई बेहतरीन फिल्मों में अपनी प्रतिभा दिखाई है। उन्होंने विलेन के रूप में भी काम किया है और कुछ फिल्मों में मुख्य अभिनेता भी रहे हैं। फहाद फासिल ने मलयालम के साथ-साथ तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। आज उनके 43वें जन्मदिन पर, आइए उनकी 5 सुपरहिट फिल्मों पर नज़र डालते हैं।
8 अगस्त 1982 को केरल में जन्मे अब्दुल हमीद मोहम्मद फहाद फासिल, फहाद फासिल के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने 2002 में अपने पिता फाजिल द्वारा निर्देशित मलयालम फिल्म ‘काइथुम दूरथ’ से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद, उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, जिनमें से 5 फिल्में कमाई और रेटिंग दोनों में सफल रहीं।
**’आवेशम’**
2024 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘आवेशम’ के निर्देशक जीतू माधवन हैं। इस फिल्म के निर्माताओं में फहाद फासिल भी शामिल हैं। फिल्म में फहाद फासिल मुख्य भूमिका में थे, और उनके साथ मिथुन जय शंकर, सजीन गोपू और पूजा मोहरंजन जैसे मलयालम कलाकार भी थे।
आईएएमडीबी पर इस फिल्म को 10 में से 7.8 रेटिंग मिली थी। Sacnilk के अनुसार, फिल्म का बजट 30 करोड़ था, जबकि इसने दुनिया भर में 154.79 करोड़ का कलेक्शन किया था।
**’पुष्पा: द राइज’**
2021 में रिलीज़ हुई फिल्म पुष्पा एक ब्लॉकबस्टर फिल्म थी जिसका दूसरा भाग 2024 में रिलीज़ हुआ था। इन फिल्मों में फहाद फासिल ने विलेन की भूमिका निभाई जिसे दर्शकों ने पसंद किया। फिल्म के मुख्य अभिनेता अल्लू अर्जुन थे, जिनकी यह सर्वश्रेष्ठ फिल्म साबित हुई। पुष्पा के निर्देशक सुकुमार हैं। इस फिल्म को 10 में से 7.6 रेटिंग मिली थी।
Sacnilk के अनुसार, फिल्म पुष्पा के पहले भाग का बजट 150 करोड़ था, जबकि फिल्म ने दुनिया भर में 350 करोड़ का कारोबार किया था। वहीं, इसके दूसरे भाग का बजट 400 करोड़ था, जबकि फिल्म ने दुनिया भर में 1742 करोड़ का कारोबार किया था।
**’केरला कैफे’**
2009 में रिलीज़ हुई मलयालम फिल्म ‘केरला कैफे’ में अभिनेता ममूटी मुख्य भूमिका में थे। फहाद फासिल भी फिल्म के महत्वपूर्ण किरदारों में दिखे थे। इस फिल्म को आईएमडीबी पर 10 में से 7.4 रेटिंग मिली थी, और 2.50 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 7 करोड़ का कारोबार किया था। यह एक शानदार मलयालम फिल्म थी, जिसकी कहानी आपको अंत तक देखने के लिए मजबूर कर सकती है।
**’विक्रम’**
2022 में रिलीज़ हुई तमिल फिल्म विक्रम में कमल हासन मुख्य भूमिका में थे। फहाद फासिल का भी महत्वपूर्ण रोल था, और इस फिल्म को आईएमडीबी पर 10 में से 8.3 रेटिंग मिली थी।
Sacnilk के अनुसार, फिल्म का बजट 120 करोड़ था, जबकि फिल्म ने दुनिया भर में 414.43 करोड़ का कारोबार किया था। यह फिल्म कमल हासन की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक थी, और आज भी दक्षिण भारत में इसे बहुत पसंद किया जाता है।
**’कुंबलंगी नाइट्स’**
2019 में रिलीज़ हुई फिल्म कुंबलंगी नाइट्स को मधु सी नारायणन ने निर्देशित किया था। इस मलयालम फिल्म में फहाद फासिल मुख्य भूमिका में थे, और उनके साथ शौबीन शाहिर, श्रीनाथ भासी, मेथ्यू थॉमल और अन्ना बेन जैसे कलाकार भी थे।
आईएमडीबी पर इस फिल्म को 10 में से 8.5 रेटिंग मिली थी, और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 39 करोड़ का कारोबार किया था, जबकि इसका बजट 4.8 करोड़ था।