सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ के अगले सीजन का इंतजार हो रहा है, वहीं एक और ‘बिग बॉस’ चर्चा में है जिसे साउथ के सुपरस्टार होस्ट करते हैं। इस शो में लेस्बियन कपल की एंट्री हुई है। ये कपल हैं अदीला और फातिमा, जिनकी प्रेम कहानी काफी सुर्खियों में रही। अदीला और फातिमा ने अपने प्यार के लिए परिवार और समाज से लड़ाई लड़ी। केरल की रहने वाली इस जोड़ी ने अपने रिश्ते को बचाने के लिए कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया था। इनकी प्रेम कहानी ने पूरे देश का ध्यान खींचा। अदीला और फातिमा की मुलाकात सऊदी अरब में हुई थी और 12वीं क्लास में पढ़ते हुए दोनों दोस्त बने और प्यार में बदल गए। जब दोनों के परिवारों को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्हें अलग करने की कोशिश की गई। परिवार के खिलाफ जाने पर दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, अदीला का परिवार उन्हें वापस ले आया और फातिमा के परिवार ने अदीला के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया। सारे रास्ते बंद होने पर दोनों ने केरल हाई कोर्ट में ‘हैबियस कॉर्पस’ याचिका दायर की, जिसके बाद कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। अब, ये कपल बिग बॉस में एंट्री कर चुका है।







