अमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित हो रहे शो ‘राइज एंड फॉल’ में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह भी एक प्रतियोगी के तौर पर शामिल हुए हैं। शो के दौरान, पवन सिंह ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया जब उनके लिए हवाई जहाज में यात्रा करना और एसी कोच में बैठना एक सपना था। पवन सिंह ने बताया कि कैसे वह और उनका परिवार छत पर सोते थे और हवाई जहाजों को देखकर आश्चर्यचकित होते थे।
एक प्रतियोगी के सवाल का जवाब देते हुए पवन सिंह ने कहा, ‘वो भी एक समय था, जब छत पर अपने परिवार के साथ सोते थे। जब भी कोई जहाज निकलता था तो अपने भाई-बंधु से बात करते थे कि इसमें लोग कैसे बैठते होंगे।’ उन्होंने बताया कि कैसे वह ट्रेन के जनरल डिब्बे में यात्रा करते थे और एसी कोच की खिड़कियों से झांककर देखते थे कि अंदर लोग कैसे बैठते होंगे। पवन सिंह ने कहा कि अब यह सब आम हो गया है, लेकिन वह उन दिनों को कभी नहीं भूलेंगे।
पवन सिंह ने बताया कि उनका सफर बिहार के जोखरी गांव से शुरू हुआ। 39 वर्षीय पवन सिंह लगभग 20 सालों से भोजपुरी सिनेमा में काम कर रहे हैं। गायकी में उनकी रुचि बचपन से ही थी और उनके चाचा ने उन्हें संगीत की शिक्षा दी। 2000 के आसपास उन्होंने गाना गाना शुरू किया और उनके एल्बम आने लगे। 2008 में उनका गाना ‘लॉलीपॉप लागेलू’ रिलीज़ हुआ और इसी गाने से पवन सिंह रातों-रात स्टार बन गए। उसी साल उनकी फिल्म प्रतिज्ञा भी रिलीज़ हुई, जिसने उन्हें सफलता दिलाई और आज पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय सिंगर और एक्टर हैं।