मेगास्टार रजनीकांत की फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। जब भी थलाइवा की फिल्में रिलीज होती हैं, तो साउथ में इसे त्योहार की तरह मनाया जाता है। 14 अगस्त को रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म को लेकर काफी समय से चर्चा थी। साउथ सुपरस्टार के प्रशंसक उनकी फिल्म की रिलीज का जश्न धूमधाम से मना रहे हैं। रजनीकांत के लिए ‘कुली’ इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने इस फिल्म के साथ इंडस्ट्री में अपने 50 साल पूरे कर लिए हैं। इस फिल्म को 5 अलग-अलग भाषाओं में बड़े पर्दे पर उतारा गया है।
जहां एक तरफ रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं, वहीं आज हम आपको उनकी 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं। इन फिल्मों के जरिए थलाइवा ने खुद को बॉक्स ऑफिस का किंग साबित किया है। चलिए इन फिल्मों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
**रजनीकांत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10 फिल्में:**
* **रोबोट 2.0:** रजनीकांत के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई ‘रोबोट 2.0’ है। इस फिल्म में रजनीकांत ने डबल रोल निभाया था। सुपरस्टार चिट्टी नाम के एक रोबोट भी बने थे। कमाई की बात करें तो इस फिल्म ने दुनिया भर में 800 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था।
* **जेलर:** सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरा नाम रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ का है। यह साल 2023 में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई थी। फिल्म में एक्टर ने एक रिटायर्ड जेलर का किरदार निभाया था। ‘जेलर’ ने बॉक्स ऑफिस पर दुनिया भर में 610 करोड़ तक का कारोबार किया था।
* **कबाली:** गैंगस्टर ड्रामा पर बेस्ड रजनीकांत की फिल्म ‘कबाली’ साल 2016 में सिनेमाघरों में आई थी। फिल्म की कहानी एक डॉन के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आई थी। रजनीकांत के काम को सभी ने खूब पसंद किया था। इस पिक्चर ने बॉक्स ऑफिस पर दुनिया भर में 305 करोड़ की कमाई की थी।
* **रोबोट:** साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘रोबोट’ को भी दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिला था। इस फिल्म में रजनीकांत के साथ ऐश्वर्या राय भी लीड रोल में नजर आईं थीं। 15 साल पहले इस पिक्चर ने बॉक्स ऑफिस पर 290 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म का दूसरा पार्ट ‘रोबोट 2.0’ ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था।
* **पेट्टा:** रजनीकांत की फिल्म ‘पेट्टा’ साल 2019 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की कहानी एक हॉस्टल वार्डन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में रजनीकांत लीड हीरो हैं, तो जाहिर सी बात है कि वार्डन का किरदार भी उन्होंने ही निभाया है। ‘पेट्टा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 232 करोड़ कमाए थे।
* **दरबार:** जब साल 2020 में रजनीकांत की फिल्म ‘दरबार’ रिलीज होने वाली थी, तो इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा थी। पिक्चर में एक्टर पुलिस कमिश्नर के रूप में दिखाई दिए थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करके दिखाया था।
* **अन्नात्थे:** रजनीकांत की फैमिली ड्रामा फिल्म ‘अन्नात्थे’ को शानदार रिस्पॉन्स मिला था। यह फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई थी। परिवार और भाई-बहन के प्यार पर बेस्ड इस फिल्म ने दुनिया भर में 170 से 172 करोड़ का कारोबार किया था।
* **शिवाजी द बॉस:** रजनीकांत की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में से एक ‘शिवाजी द बॉस’ है। इस फिल्म को लोगों ने टीवी पर कई-कई बार देखा है। साल 2007 में रिलीज हुई इस फिल्म ने 160 करोड़ का कलेक्शन किया था। उन दिनों के हिसाब से यह बेहद शानदार कमाई थी।
* **लिंगा:** रजनीकांत की ‘लिंगा’ का नाम भी इस फिल्म की लिस्ट में शामिल है। ‘लिंगा’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह एक एक्शन कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी। रजनीकांत की इस फिल्म ने भी 160 करोड़ की कमाई की थी। मेगास्टार की इस फिल्म के लिए काफी तारीफ हुई थी।
* **काला:** 160 करोड़ कमाने वाली रजनीकांत की फिल्म ‘काला’ भी है। यह फिल्म साल 2018 में सिनेमाघरों में आई थी। बॉक्स ऑफिस पर ‘काला’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। रजनीकांत के किरदार को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था।