रणबीर कपूर को इस पीढ़ी का सबसे बेहतरीन बॉलीवुड अभिनेता माना जाता है। 2007 में एक अभिनेता के रूप में शुरुआत करने वाले रणबीर कपूर आज, 28 सितंबर को 43 वर्ष के हो गए हैं। दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और अभिनेत्री नीतू कपूर के घर 28 सितंबर 1982 को उनका जन्म हुआ था। रणबीर ने सहायक निर्देशक से लेकर बॉलीवुड के सुपरस्टार तक का शानदार सफर तय किया है।
रणबीर कपूर ने बचपन में ही तय कर लिया था कि वे भी अपने माता-पिता की तरह फिल्मी दुनिया में ही नाम कमाएंगे। 10वीं कक्षा की परीक्षा देने के बाद रणबीर ने अपने पिता के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ (1999) में अपने पिता की सहायता की थी। बाद में उन्होंने अमेरिका से अभिनय और फिल्म निर्माण का कोर्स किया। फिर अभिनेता भारत लौट आए।
रणबीर ने फिर मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली को भी उनकी फिल्म ‘ब्लैक’ में असिस्ट किया। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म 2005 में आई थी। रणबीर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वे ब्लैक के सेट पर 21 घंटे तक काम करते थे। इस दौरान वे पोंछा लगाने से लेकर लाइट फिक्स करने तक की जिम्मेदारी संभालते थे। यहां तक कि अभिनेता ने यह भी बताया कि उन्हें सेट पर गालियां भी सुननी पड़ती थीं। लेकिन, उनका मकसद था कि उन्हें भंसाली की फिल्म से डेब्यू करने का मौका मिल जाए और बाद में ऐसा ही हुआ।
रणबीर ने फिर संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सावरिया’ से एक लीड एक्टर के रूप में शुरुआत की। 2007 में आई इस फिल्म में उनकी अभिनेत्री सोनम कपूर थीं। यह सोनम की भी पहली फिल्म थी और उन्होंने भी ‘ब्लैक’ में एक सहायक निर्देशक के रूप में काम किया था। हालाँकि, रणबीर की पहली ही फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही।
रणबीर को सबसे पहले पहचान 2009 की फिल्म ‘वेक अप सिड’ से मिली थी। इसके बाद वे 2010 की फिल्म ‘राजनीति’ से चमके। फिर अभिनेता को ‘रॉकस्टार’ और ‘बर्फी’ जैसी फिल्मों ने इंडस्ट्री में एक स्टार के रूप में स्थापित कर दिया। आगे जाकर रणबीर ने ‘ए दिल है मुश्किल’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों से प्रशंसकों के दिलों पर राज किया। इसके बाद ‘तमाशा’ से उन्होंने एक कल्ट एक्टर का तमगा हासिल कर लिया।
रणबीर के फिल्मी करियर में फिल्म ‘संजू’ मील का पत्थर साबित हुई थी। संजय दत्त की बायोपिक में रणबीर कपूर ने ऐसा अभिनय किया था कि उनकी आलोचना करने वाले भी उनके दीवाने हो गए थे। इस किरदार के लिए उन्होंने जी-तोड़ मेहनत की थी। यह उनके 18 साल के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्म है।
100 करोड़ में बनी इस फिल्म ने करीब 600 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘संजू’ के बाद रणबीर को 2023 की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ ने भी दर्शकों का चहेता बना दिया था। यह रणबीर के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। ‘एनिमल’ भी करीब 100 करोड़ के बजट में बनी थी, हालाँकि, इसने दुनियाभर में 922 करोड़ रुपये बटोरे थे।
रणबीर कपूर अब भारत की सबसे महंगी फिल्म ‘रामायण’ में भगवान श्री राम की भूमिका में दिखाई देंगे। यह फिल्म दो भागों में बन रही है और इसके दोनों भागों का बजट 4000 करोड़ रुपये है। आज तक भारत में इतने बजट में कोई भी फिल्म नहीं बनी है। इसका पहला भाग 2026 की दिवाली पर और दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा। बता दें कि दोनों भागों के लिए रणबीर 150 करोड़ रुपये की भारी फीस वसूल रहे हैं।