2008 में स्टार वन पर प्रसारित एक कॉलेज ड्रामा प्रेम कहानी ‘मिले जब हम तुम’ आई, जिसमें मोहित सहगल, सनाया ईरानी, रति पांडे और अर्जुन बिजलानी मुख्य भूमिकाओं में थे। यह सीरियल सुपरहिट रहा। इसी सीरियल से लोकप्रिय हुईं रति पांडे ने बाद में कई टीवी सीरियल किए और फिर भोजपुरी फिल्मों की ओर रुख किया। रति ने खेसारी लाल के साथ भोजपुरी की सबसे महंगी फिल्म में काम किया था। आज रति अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं, इस मौके पर उनके बारे में कुछ खास बातें यहां दी गई हैं।
11 सितंबर 1982 को असम में जन्मीं रति पांडे जब 7 साल की थीं, तब उनका परिवार पटना में शिफ्ट हो गया। उनकी स्कूलिंग पटना में हुई और बताया जाता है कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की एक बहन उनकी क्लासमेट थीं।
इसके बाद रति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। रति ने 2006 में आइडिया जी सिनेस्टार्स की खोज में भाग लिया। इसके बाद उन्हें सीआईडी में काम मिल गया। फिर उनका करियर कैसा रहा और वह भोजपुरी फिल्मों में कैसे पहुंचीं? आइए जानते हैं।
सीआईडी के बाद, रति को सहारा वन पर हॉरर शो ‘रात होने को है’ मिला। इसके बाद उन्होंने कई विज्ञापन भी किए। फिर रति ने ‘शादी स्ट्रीट’ और ‘हर घर कुछ कहता है’ जैसे सीरियल किए। इसके बाद उन्होंने कॉलेज ड्रामा शो ‘मिले जब हम तुम’ किया, जो 2 साल तक चला। 2011 में रति का सीरियल ‘हिटलर दीदी’ आया और इसमें उनका मुख्य रोल था।
रति ने ‘लाफ्टर के पटाके’, ‘कॉमेडी सर्कस’ और ‘जी रिश्तों की अंताक्षरी’ में भी काम किया। 2016 में रति ने ‘बेगुसराय’ जैसा सुपरहिट सीरियल किया। इसके बाद रति ने ‘पोरस’ और ‘विद्या’ जैसे शोज भी किए। 2020 में रति ने ‘शादी मुबारक’ सीरियल किया और यह भी हिट रहा।
2024 में रति की पहली भोजपुरी फिल्म रंग दे बसंती आई, जिसमें खेसारी लाल यादव मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म को भोजपुरी की सबसे महंगी फिल्म बताया जाता है, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने गौरी का रोल प्ले किया था और खेसारी के साथ उनकी जोड़ी पसंद की गई थी। इसके बाद खेसारी के साथ ही रति पांडे ने फिल्म रिश्ते (2025) भी की, जिसमें उनका एक रोमांटिक गाना लवंग लतिया खूब पसंद किया गया।