टीवी की दुनिया में ऐसी कई अभिनेत्रियाँ हैं जिनकी सुंदरता पर लोग मोहित हैं, लेकिन एक ऐसी पहाड़ी लड़की है जो सालों पहले इंडस्ट्री में आई और छा गई। उनका नाम रुबीना दिलैक है, जो आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं।
रुबीना का जन्म 26 अगस्त 1987 को शिमला में हुआ था और उनकी स्कूली शिक्षा भी शिमला में ही हुई। 2006 में रुबीना ने मिस शिमला का खिताब जीता था और उन्होंने स्कूल और कॉलेज के दिनों में कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीते। रुबीना ने इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन और पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। 2008 में चंडीगढ़ में हुए एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट में रुबीना ने मिस नॉर्थ इंडिया का खिताब जीता।
रुबीना काफी समय तक चंडीगढ़ में IAS की तैयारी करती रहीं। उसी दौरान एक सीरियल का ऑडिशन चल रहा था और दोस्तों के कहने पर वो छुट्टी वाले दिन ऑडिशन में चली गईं, जिसके बाद उन्हें ‘छोटी बहू’ सीरियल के लिए चुन लिया गया।
2009 में टीवी सीरियल ‘छोटी बहू’ शुरू हुआ जिसमें वो मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नजर आईं। उनके किरदार का नाम राधिका था और इसी नाम से वो घर-घर में मशहूर हुईं। यह सीरियल 2012 तक जीटीवी पर प्रसारित हुआ।
2013 में उनका नया सीरियल ‘पुनर्विवाह-एक नई उम्मीद’ टेलीकास्ट हुआ, जो काफी समय तक चला। इसके बाद रुबीना ने ‘देवों के देव महादेव’ और ‘शक्ति-अस्तित्व के एहसास की’ जैसे सुपरहिट सीरियल किए।
2020 में ‘बिग बॉस 14’ आया, जिसमें रुबीना दिलैक ने ट्रॉफी जीती। इसके बाद 2022 में उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी 12’, ‘झलक दिखला जा 10’, ‘लाफ्टर शेफ’ और ‘पति-पत्नी और पंगा’ जैसे रियलिटी शो में हिस्सा लिया।
2020 में रुबीना ने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म ‘बरेली की बेटी’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्म ‘अर्ध’ और पंजाबी फिल्म ‘चल भज चलिए’ जैसी फिल्में कीं।
रुबीना ने 2018 में एक्टर अभिनव शुक्ला से शादी की, जिनसे उन्हें दो बेटियां जीवा और एधा शुक्ला हैं। रुबीना और अभिनव की बॉन्डिंग बहुत अच्छी है। रुबीना इन दिनों अपने पति अभिनव के साथ ‘पति-पत्नी और पंगा’ में नजर आ रही हैं।
इंस्टाग्राम पर रुबीना के 9.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं जो उनके पोस्ट को बहुत प्यार देते हैं। रुबीना यहां काफी सक्रिय रहती हैं। फैंस उनके पोस्ट पर लाइक और कमेंट करते हैं।