अभिनेता संजय खान की पत्नी जरीन खान के निधन के बाद, परिवार ने उनकी अस्थियों का विसर्जन किया। इस भावुक पल के दौरान संजय खान और उनके बेटे ज़ैद खान की आंखें नम हो गईं। संजय खान ने अपने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक वीडियो साझा किया, जिसमें परिवार को नदी में जरीन की अस्थियां विसर्जित करते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में ज़ैद खान अपनी मां को आखिरी विदाई देते हुए फूट-फूट कर रोते दिखाई दिए। संजय खान भी काफी भावुक नज़र आए। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “मेरी प्रिय पत्नी, जरीन संजय खान की याद में।” इस वीडियो में संजय और जरीन की प्रेम कहानी और उनके बच्चों के साथ पारिवारिक जीवन की अनदेखी तस्वीरें भी शामिल हैं। बैकग्राउंड में ‘एक प्यार का नगमा है’ गाना बज रहा था, जिसने माहौल को और भी गमगीन बना दिया।
बता दें कि जरीन खान का 7 नवंबर को 81 वर्ष की आयु में उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया था। उनकी बेटी फराह खान अली ने कुछ समय पहले प्रेस की संवेदनहीनता पर नाराजगी व्यक्त की थी, जिन्होंने उनकी मां के अंतिम संस्कार के तरीकों पर सवाल उठाए थे, भले ही वे अलग धर्म से थीं। फराह ने धर्मेंद्र के स्वास्थ्य कवरेज पर भी आपत्ति जताई थी।






