मनीष मल्होत्रा की आगामी फिल्म ‘गुस्ताख़ इश्क़’ का तीसरा गाना ‘शहर तेरे’ आज रिलीज हो गया है। यह गाना बिछड़े हुए प्रियजनों के लिए तरसने और उनकी यादों में खोए रहने की भावनाओं को खूबसूरती से बयां करता है। बदलते मौसम के साथ, यह गीत अनकही भावनाओं को आवाज़ देने का प्रयास करता है।
‘शहर तेरे’ गाने में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख की ज़बरदस्त केमिस्ट्री दर्शकों का दिल जीत रही है। दोनों कलाकारों के बीच का प्यार और तड़प गाने को और भी खास बना रहे हैं। साथ ही, दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और शरिब हाशमी की मौजूदगी गाने में एक अलग ही रंग भर रही है।
इस गाने का संगीत विशाल भारद्वाज, जैज़िम शर्मा और हिमानी कपूर ने तैयार किया है, जबकि गुलज़ार के लिखे बोल सीधे दिल को छू जाते हैं। यह तिकड़ी गानों को एक अलग स्तर पर ले गई है।
‘गुस्ताख़ इश्क़’ के साथ फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा फिल्म निर्माण की दुनिया में कदम रख रहे हैं। यह फिल्म उनके बैनर, स्टेज5 प्रोडक्शन के तहत बनाई जा रही है। मनीष अपने भाई दिनेश मल्होत्रा के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं।
विभु पुरी द्वारा निर्देशित ‘गुस्ताख़ इश्क़’ पुरानी दिल्ली की गलियों और पंजाब की पुरानी कोठियों में स्थापित एक भावुक प्रेम कहानी है। यह फिल्म जुनून और अनकहे प्यार के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म का टीज़र अगस्त में जारी किया गया था, जिसमें मनीष मल्होत्रा की ‘इश्क़’ की कहानी की झलक दिखाई गई थी। टीज़र में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख की प्रेम कहानी पर ज़ोर दिया गया था, जिसमें नसीरुद्दीन शाह का रहस्यमयी अंदाज़ भी दर्शकों को लुभा रहा था।
फिल्म के बारे में बात करते हुए विजय वर्मा ने कहा था, ‘मैं बहुत उत्साहित हूँ। यह एक बहुत ही रोमांचक, सरल, सुंदर और समृद्ध प्रेम कहानी है।’
‘गुस्ताख़ इश्क़’ से पहले, मेकर्स ‘उल जलूल इश्क़’ और ‘आप इस धूप’ जैसे गाने भी रिलीज कर चुके हैं। यह फिल्म 21 नवंबर, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।







