धर्म प्रोडक्शन की आगामी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का टीजर रिलीज हो गया है। इसके दो गाने भी निर्माताओं ने रिलीज किए हैं, जिनमें से एक ‘बिजुरिया’ गाना भी है। यह गाना सुनने के बाद लोगों को सोनू निगम के एक सुपरहिट गाने की याद आ गई, जिसका नाम भी ‘बिजुरिया’ था और जिसने 90 के दशक में खूब धूम मचाई थी। उस दौर में सोनू निगम के कई एल्बम आए थे, जिनके सभी गाने हिट रहे और अब ‘बिजुरिया’ गाना फिर से लोगों का मनोरंजन कर रहा है।
1999 में रिलीज हुए सोनू निगम के एल्बम ‘मौसम’ के कई गानों में से एक ‘बिजुरिया’ भी था। यह एक डांस नंबर था जिसमें सोनू निगम खुद नजर आए थे। सोनू निगम ने ही अपने पुराने ‘बिजुरिया’ गाने को लिखा, गाया और रवि पवार ने कंपोज किया था।
यह गाना सोनू म्यूजिक इंडिया वीडियो के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है, जिसे सुनकर आज भी लोग थिरकने पर मजबूर हो सकते हैं।
वरुण धवन की फिल्म का नया गाना ‘बिजुरिया’ भी उसी यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। इसे ओरिजिनल थीम पर ही रखा गया है, लेकिन इसमें नया संगीत रवि पवार और तनिष्क बागची ने कंपोज किया है। वहीं, कुछ बोल भी बदले गए हैं, जिन्हें अजय झिंगरन ने लिखा है। गाने को सोनू निगम के साथ असीस कौर ने गाया है।
कुछ दिन पहले वरुण धवन ने सोनू निगम के साथ इस गाने पर डांस किया था। इसका वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, ‘बिजुरिया सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी, मेरा बचपन का गाना। अपने स्कूल के दोस्तों के साथ इस गाने पर डांस करता था।’ इसमें उन्होंने सोनू निगम को धन्यवाद भी दिया था।
करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के निर्देशक शशांक खैतान हैं। फिल्म में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सान्या मल्होत्रा, रोहित सुरेश सरफ और अभिनव शर्मा भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ 2 अक्टूबर को रिलीज होगी और अभी इसका ट्रेलर आना बाकी है, फिलहाल टीजर देखने के बाद लोग फिल्म देखने के लिए उत्साहित हैं। इससे पहले शशांक खैतान ने ‘धड़क’, ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’, ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘भूत’, ‘गोविंदा मेरा नाम’ जैसी शानदार फिल्में निर्देशित की हैं।