लगभग 26 साल पहले आई सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी दिखाई गई थी। फिल्म के गाने और कहानी दर्शकों को आज भी पसंद हैं। फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा है कि अनिल कपूर द्वारा निभाया गया किरदार पहले आमिर खान और गोविंदा को ऑफर किया गया था।
आईएमडीबी के अनुसार, फिल्म के निर्देशक और निर्माता ने पहले आमिर खान को यह रोल ऑफर किया था, लेकिन उन्हें स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई। इसके बाद यह रोल गोविंदा को ऑफर किया गया, जो उस समय ‘ हसीना मान जाएगी’ की शूटिंग कर रहे थे। बाद में यह रोल अनिल कपूर को दिया गया और उन्होंने इसे बखूबी निभाया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। 13 अगस्त 1999 को रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय खन्ना, ऐश्वर्या राय और अनिल कपूर के अलावा अमरीश पुरी, आलोक नाथ, सुप्रिया कार्निक और मीता वशिष्ठ जैसे कलाकार थे।
‘ताल’ का बजट 15 करोड़ रुपये था और इसने दुनियाभर में 50.07 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म को हिट घोषित किया गया था। फिल्म में ए.आर. रहमान का संगीत था और ‘मैं रमता जोगी’, ‘नहीं सामने ये अलग बात है’, ‘इश्क बिना क्या जीना यारा’ और ‘कहीं आग लगे लग जावे’ जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं। फिल्म की कहानी मानसी शंकर (ऐश्वर्या राय) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पिता तारा बाबू (आलोक नाथ) के साथ शहर आती है। यहां तारा बाबू अपने गांव के जगमोहन मेहता (अमरीश पुरी) से मिलते हैं।
जगमोहन का बेटा मानव मेहता (अक्षय खन्ना) पढ़ाई पूरी करके लौटता है। मानसी और मानव प्यार में पड़ जाते हैं, लेकिन मानव के घर वाले उनका अपमान करते हैं और उन्हें घर से निकाल देते हैं। मानसी एक स्टार बनने का फैसला करती है और उसकी मुलाकात विक्रांत कपूर (अनिल कपूर) से होती है, जो एक संगीत निर्देशक हैं। फिल्म की कहानी दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है। इस फिल्म को जी5 पर देखा जा सकता है।