निर्देशक विवेक अग्निहोत्री, जिन्होंने ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी प्रशंसित फिल्म बनाई है, अब ‘द बंगाल फाइल्स’ के साथ आ रहे हैं। फिल्म बंगाल के अनकहे इतिहास को दर्शाने का दावा करती है। हालांकि, फिल्म को रिलीज से पहले ही बंगाल में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में कोलकाता में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट को रद्द कर दिया गया था, और बाद में फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर भी हंगामा हुआ था।
विवेक अग्निहोत्री ने अपनी फिल्म का विरोध करने को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधा था। अब, उनकी पत्नी और अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने भी इस मुद्दे पर बंगाल सरकार को घेरा है। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें ऐसे हालात का सामना ‘द कश्मीर फाइल्स’ के समय कश्मीर में भी नहीं करना पड़ा था।
पल्लवी जोशी ने एक समाचार वेबसाइट से बात करते हुए फिल्म के विरोध पर कहा, ‘ऐसे हालात का सामना हमने कश्मीर में भी नहीं किया। तो क्या हम यह मान लें कि कश्मीर बंगाल से बेहतर स्थिति में है? मैं एक कलाकार हूं और आप मेरी आवाज नहीं दबा सकते। मैं किसकी जिम्मेदारी हूं? मैं राज्य की जिम्मेदारी हूं। हमारी सभ्यता में, सभी कलाकारों को राजाओं (सरकार) का संरक्षण प्राप्त रहा है। इसलिए अब, यदि आप सत्ता में हैं तो कला और कलाकारों की देखभाल करना आपकी जिम्मेदारी है। क्या आप ऐसा कर पा रहे हैं? आप मेरी फिल्म का ट्रेलर रोक रहे हैं। अगर मैं कहूं कि बंगाल में लोकतंत्र मर चुका है, तो मैं कैसे गलत हूं? आप मेरी अभिव्यक्ति की आजादी पर अंकुश लगा रहे हैं।’ पल्लवी जोशी ने दावा किया कि उन्हें फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट और स्क्रीनिंग के दौरान पुलिस से भी कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। अभिनेत्री ने कहा, ‘पुलिस को परवाह नहीं थी कि वहां क्या हो रहा है। वहां पर बहुत सारी महिला पत्रकार भी थीं। वे अपना काम कर रही थीं और उस दौरान कुछ लड़कियों को चोट भी आई थी।’ पल्लवी ने बताया कि उस घटना के वक्त उनके अंदर काफी गुस्सा था और वो गुस्से से उबल रही थी। एक्ट्रेस को उनके पति विवेक ने वहां से बाहर निकाला था। पुलिस और राज्य सरकार पर बरसते हुए एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘पुलिस मदद करने की बजाय ट्रेलर को रोकने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही थी। वहां के अधिकारी और सरकार भी यही कर रहे हैं। वे अपने नागरिकों को कैसी सुरक्षा दे रहे हैं?’
पल्लवी जोशी भी ‘द बंगाल फाइल्स’ में नजर आएंगी। फिल्म में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, सौरव दास, निमरत कौर, नमाशी चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और गोविंद नामदेव भी हैं। विवेक ने निर्देशन के अलावा इसका निर्माण भी किया है। फिल्म 5 सितंबर को रिलीज होने जा रही है।