मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नशा परिवार, समाज और देश की खुशहाली और समृद्धि को कम करता है। नशा मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश के 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराब दुकानों और बार पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने 15 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रदेश में नशे से दूरी है जरूरी अभियान सफलतापूर्वक चलाया। पुलिस नशा कारोबारियों के मुख्य साजिशकर्ताओं पर शिकंजा कस रही है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 साल पहले नशा मुक्त भारत अभियान शुरू किया था। नशा मुक्त मध्यप्रदेश के लिए कानून के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी काम किया जा रहा है। सरकार समाज से नशे की बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। भोपाल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 56 लाख 52 हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में 339 करोड़ रुपये की पेंशन का एक क्लिक के माध्यम से अंतरण भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और नशा मुक्ति पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2023-24 के लिए विवेकानंद नशा मुक्ति पुरस्कार भी वितरित किए। इसके तहत शुद्धि नशामुक्ति केंद्र के अध्यक्ष राजीव तिवारी, शहीद भगत सिंह सेवा समिति से सुजीत कुमार द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस उप-आयुक्त इंदौर राजेश दंडौतिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिशा प्रशांत चौबे और उप पुलिस अधीक्षक हॉकफोर्स बालाघाट संतोष पटेल को पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ज्ञान-विज्ञान के आधार पर परिष्कृत भारतीय दर्शन को विश्व बड़े आश्चर्य से देखता है। भारत के महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु ने पौधों में प्राण होने की बात कही तो विश्व के वैज्ञानिक हैरान थे। हर व्यक्ति को अपने संस्कार, सहयोग से युक्त जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध होना चाहिए। भारत एक-दूसरे के प्रति सद्भाव और अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता है। इन्हीं व्यवस्थाओं के बल पर भारत को विश्व में विशेष स्थान प्राप्त है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज को जागरूक करने के लिए गायत्री परिवार और ब्रह्मा कुमारी संस्था उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्री बलराम और श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को प्रदेश स्तर पर हर्षोल्लास के साथ मनाएगी।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प भारत नशा मुक्ति अभियान की यह 5वीं वर्षगांठ है। अगस्त महीने में नशे के खिलाफ देशव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में पुलिस ने जन सहयोग से अभियान को सफल बनाया है। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। जन सहयोग से हम विकसित भारत, समृद्ध भारत के संकल्प को पूरा करेंगे।