मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को शनिवार, 16 अगस्त को नागालैंड के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। यह पद नागालैंड के राज्यपाल ला गणेशन के निधन के बाद खाली हुआ था। 80 वर्षीय गणेशन का बीते शुक्रवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को नागालैंड के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है। अजय कुमार भल्ला को पिछले साल ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया था। भल्ला 1984 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें 22 अगस्त, 2019 को केंद्रीय गृह सचिव नियुक्त किया गया था और उन्होंने 22 अगस्त 2024 तक भारत के गृह सचिव के रूप में कार्य किया। राज्यपाल ला गणेशन के निधन के बाद नागालैंड में 7 दिन राजकीय शोक की घोषणा की गई है।







