नई दिल्ली में आयोजित स्कॉच अवार्ड्स के 102वें संस्करण में, बिहार सरकार के कृषि विभाग को प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार राज्य सरकार द्वारा विकसित अभिनव ‘बिहार कृषि ऐप’ को किसानों के सशक्तिकरण, सुविधा और कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार के लिए दिया गया है।
‘बिहार कृषि ऐप’ किसानों के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो उन्हें खेती से संबंधित आवश्यक और उपयोगी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। इस ऐप के माध्यम से, किसानों को फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं की नवीनतम जानकारी, बाजार भाव, प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी सहायता जैसी सेवाएं आसानी से प्राप्त होती हैं। कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान बिहार सरकार की किसानों के उत्थान के लिए की गई डिजिटल पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह ऐप किसानों को समय पर जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उपज की गुणवत्ता बढ़ाने, लागत कम करने और उत्पादन में सुधार लाने में भी मदद कर रहा है। यह डिजिटल पहल किसानों को बाजार व्यवस्था से सीधे जोड़कर उचित मूल्य प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है। यह सम्मान बिहार सरकार की कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार और किसान-केंद्रित नीतियों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो राज्य को आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ा रही है।