पटना में शुक्रवार को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मोतीलाल प्रसाद की अध्यक्षता में बिहार कला पुरस्कार योजना से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय सचिव प्रणव कुमार समेत अन्य अधिकारीगण और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने बताया कि बिहार कला पुरस्कार का उद्देश्य राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दृश्य एवं प्रदर्श कला की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्थापित एवं नवोदित कलाकारों को सम्मानित करना है।
वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए कुल 52 कलाकारों का चयन किया गया है, जिनमें 22 स्थापित कलाकार, 18 नवोदित कलाकार, 6 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और 6 लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार विजेता शामिल हैं। पुरस्कार स्वरूप चयनित कलाकारों को कुल 27,72,000 रुपए की राशि वितरित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए ₹1,00,000, लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ₹1,00,000, स्थापित कलाकार के लिए ₹51,000 और नवोदित कलाकार के लिए ₹25,000 शामिल हैं।
वर्ष 2022-23 में चित्रा प्रसाद और पद्मश्री दुलारी देवी को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि अनिल बिहारी और सुमन कुमार को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला। 2023-24 में कल्पना पटवारी और पद्मश्री बउआ देवी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, जबकि पद्मश्री निर्मला देवी और भरत सिंह भारती को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2024-25 में रत्नेश्वर प्रसाद और अशोक कुमार विश्वास को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, जबकि शिवन पासवान और भरत शर्मा व्यास को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला।
इसके अतिरिक्त, समकालीन कला, लोक कला, रंगमंच, शास्त्रीय एवं लोक संगीत, वाद्य वादन, नृत्य सहित विभिन्न क्षेत्रों के 18 अन्य कलाकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह 24 सितंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि बिहार सरकार कलाकारों को पहचान, सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।