बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कृषि रेडियो प्रसार प्रणाली का शुभारंभ किया। यह पहल कृषि भवन, पटना स्थित मीडिया सेंटर में शुरू की गई। इस अवसर पर कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार भी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि कृषि और कृत्रिम बुद्धिमत्ता मिलकर कृषि तकनीक में क्रांति ला सकते हैं। यह किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में भी मदद करेगा।
इस पहल के तहत ‘बिहार कृषि रेडियो’ नामक डिजिटल रेडियो सेवा शुरू की गई है, जिसे प्ले-स्टोर और ऐप-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एप्लीकेशन किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर सही जानकारी देना है। इसमें मौसम का पूर्वानुमान, फसल रोग प्रबंधन, कृषि योजनाएं, बाजार भाव और मंडी की स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।
इस प्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विश्लेषण शामिल है, जो मौसम, मिट्टी और बाजार से जुड़े डेटा का अध्ययन करके किसानों को तुरंत जानकारी देगा। यह रेडियो सेवा क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी और 24×7 उपलब्ध रहेगी। किसान इंटरैक्टिव सुविधा के माध्यम से AI प्रणाली से सीधे अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त कर सकेंगे।
किसानों को मौसम की सटीक जानकारी समय पर मिलेगी, जिससे फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। कीट एवं रोग प्रबंधन की सलाह से नुकसान कम होगा और बाजार भाव की जानकारी से किसान अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, सरकारी योजनाओं और अनुदानों की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रणाली कृषि जगत में सूचना क्रांति लाएगी और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, पैदावार बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद करेगी।
इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के निदेशक नितिन कुमार सिंह, निदेशक उद्यान अभिषेक कुमार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।