बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा के साथ मैदान में उतर चुका है। खुद प्रधानमंत्री मोदी भी बिहार की जनसभाओं में इस बात की घोषणा कर चुके हैं। दूसरी ओर, महागठबंधन में अभी तक मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा नहीं की गई है। हाल ही में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में, तेजस्वी यादव ने इशारों-इशारों में खुद को सीएम पद के लिए सही विकल्प बताया था। अब कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी इस पर अपनी सहमति दी है।
दरअसल, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह का कहना है कि महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे, क्योंकि महागठबंधन के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। बिहार में महागठबंधन का नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे हैं और वही मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार होंगे। तेजस्वी यादव वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। पिछली बार 2020 में भी तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे।
तेजस्वी यादव ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि वे बिना सीएम फेस के चुनाव में नहीं जाएंगे। महागठबंधन में इस पर बात हो चुकी है। सीएम के चेहरे के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। बिहार की जनता मालिक है, जनता ही मुख्यमंत्री का चुनाव करेगी। 5 से 10 दिनों में सीटों का बंटवारा हो जाएगा, जिसके बाद सीएम फेस की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि अभी उनका ध्यान अधिकार यात्रा पर है। यह यात्रा युवाओं की यात्रा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में निवेश लाना, फैक्ट्रियां स्थापित करना, गरीबी हटाना और पलायन रोकना है। यह यात्रा जनता के लिए और प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए है, जिससे युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार मिल सके।