नई दिल्ली में आयोजित स्कॉच अवार्ड्स के 102वें संस्करण में, बिहार सरकार के कृषि विभाग को प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा विकसित अभिनव बिहार कृषि ऐप को किसानों की सुविधा, सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार के लिए दिया गया है।
बिहार कृषि ऐप, राज्य के किसानों के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो उन्हें खेती से संबंधित आवश्यक और उपयोगी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। इस ऐप के माध्यम से किसानों को फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं की ताजा जानकारी, बाजार भाव, प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी सहयोग जैसी सेवाएं आसानी से मिलती हैं।
इस अवसर पर, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि बिहार कृषि ऐप को स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाना बिहार सरकार की किसानों के उत्थान के लिए की गई डिजिटल पहल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ऐप किसानों को योजनाओं की जानकारी, फसल प्रबंधन और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी कई सेवाएं प्रदान करता है।
बिहार कृषि ऐप के माध्यम से किसानों को न केवल समय पर जानकारी मिलती है, बल्कि उनकी उपज की गुणवत्ता बढ़ाने, लागत कम करने और उत्पादन में सुधार लाने में भी मदद मिलती है। साथ ही, यह डिजिटल पहल किसानों को बाजार व्यवस्था से सीधे जोड़कर उन्हें उचित मूल्य प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है।
यह सम्मान बिहार सरकार की कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार और किसान-केंद्रित नीतियों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बिहार कृषि ऐप जैसी पहलें राज्य को आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं और किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।