लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन को कथित तौर पर गाली दी गई थी। इसके विरोध में एनडीए ने 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने इस मुद्दे को उठाते हुए बिहार बंद की घोषणा की है।
बिहार बंद के दौरान एनडीए की महिला शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, क्योंकि बंद का आह्वान उन्होंने ही किया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह केवल मोदी की मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान है। बंद में आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। इस बंद के दौरान बस सेवाएं, रेल सेवाएं, ऑटो-टैक्सी सेवाएं बाधित हो सकती हैं। दुकानें, मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रह सकते हैं। हालांकि, अस्पताल, एम्बुलेंस और रेलवे जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान, दरभंगा में आरजेडी और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने इसकी कड़ी निंदा की। राहुल के मंच से जिस व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी मां को गाली दिए जाने पर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बिहार जैसी धरती से उनकी मां को गाली दी गई, जिसने उन्हें देश सेवा के लिए आशीर्वाद दिया और दूर जाने दिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद और पीड़ादायक है।