बिहार सरकार ने त्योहारों के अवसर पर घर जाने वाले लोगों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि दशहरा, दीपावली, छठ और होली जैसे त्योहारों पर दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अंतर्राज्यीय बस सेवा में यात्रा के दौरान विशेष छूट मिलेगी। इसके लिए 24 करोड़ 06 लाख 36 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 2025-26 में दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और होली के दौरान पीपीपी मॉडल के तहत बसों का संचालन करेगी। डीलक्स नॉन-एसी, डीलक्स एसी और डीलक्स स्लीपर एसी बसों के किराए में छूट दी जाएगी। इस योजना के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने 24.06 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान लगाया था। वर्तमान बजट में केवल 10 करोड़ रुपये का प्रावधान है, शेष राशि बिहार आकस्मिकता निधि (BCF) से उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में सार्वजनिक परिवहन का विस्तार हो रहा है। एनडीए सरकार बिहार और बिहार के बाहर रहने वाले लोगों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार दिवाली और छठ पर्व के लिए 12,739 विशेष ट्रेनें चलाएगी, जो पिछले साल की तुलना में काफी अधिक हैं।