मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र और 812 खिलाड़ियों के बीच लगभग 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित करेंगे। यह भव्य आयोजन 5 अक्टूबर को राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित किया जाएगा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’ योजना के तहत इस वर्ष राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र दिए जा रहे हैं। इन 87 खिलाड़ियों में 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के अनुसार क्लास वन से लेकर विभिन्न श्रेणी में जरूरत के मुताबिक विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए चयन पत्र दिया जा रहा है। नौकरी के लिए चयनित खिलाड़ियों में पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें 8 महिला खिलाड़ी हैं। बाल कल्याण पदाधिकारी के पद पर एक खिलाड़ी का चयन हुआ है, जबकि निम्नवर्गीय लिपिक के रूप में 65 और कार्यालय परिचारी के रूप में 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
इस वर्ष राज्य खेल सम्मान के रूप में 44 खेल विधाओं में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बिहार के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों तथा खेल अधिकारियों सहित कुल 812 लोगों के बीच लगभग 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि भी वितरित की जाएगी।
खेल सम्मान राशि पाने वालों में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और एक खेल अधिकारी शामिल हैं। कुल 783 खिलाड़ियों में 297 महिला और 486 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। 2022 से लेकर इस वर्ष 2025 तक बिहार के 2085 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बीच लगभग 23.5 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि सरकार द्वारा वितरित की जा चुकी है।