बिहार के भभुआ जिले में एक युवक को मामूली विवाद के बाद छत से धक्का देकर ईंट-पत्थरों से मार डाला गया। मृतक की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 24 साल थी। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के जैतपुरकला गांव की है।
मृतक के पिता ददन बिंद ने बताया कि 15 अगस्त को उनके पड़ोसी लोरिक बिंद की छत से एक चादर गली में गिरी थी, जिस पर उनके बेटे मिथिलेश कुमार ने साइकिल चला दी। इस बात को लेकर मिथिलेश और लोरिक बिंद के बेटे पप्पू बिंद के बीच विवाद हो गया था। बाद में, दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया। हालांकि, लोरिक के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया।
शाम को दोनों पक्षों में फिर जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। लोरिक बिंद और उनके परिवार के सदस्यों ने गाली-गलौज की। जब उन्हें शांत करने की कोशिश की गई, तो लोरिक का बेटा पप्पू बिंद नीतीश को छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद लोरिक बिंद, उनकी पत्नी कुंती देवी और अन्य लोगों ने नीतीश पर ईंट-पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।