प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी पर बिहार में सियासत गरमा गई है। बीजेपी और एनडीए ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के माध्यम से बिहार में बढ़त हासिल करने की कोशिश कर रहे महागठबंधन को जवाब देने के लिए एनडीए ने खास रणनीति बनाई है। विवादित टिप्पणी के विरोध में एनडीए ने 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है।
मंगलवार को राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने इस बंद की जानकारी दी। इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, HAM पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त, एनडीए महिला मोर्चा की ओर से प्रदेश बीजेपी महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बेबी कुमारी, जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश महिला अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महिला प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शोभा सिन्हा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा महिला की स्मृति कुशवाहा भी मौजूद थीं।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि दरभंगा में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे न केवल पूरा बिहार, बल्कि प्रदेश की महिलाएं भी शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि मां तो मां होती है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल की नेता की हों। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी लोकतंत्र को कलंकित करने वाली और बिहार को शर्मसार करने वाली है।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक परंपरा पर एक धब्बा है। राजू तिवारी ने कहा कि यह उन लोगों के संस्कार को दर्शाता है। डॉ. अनिल कुमार ने इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी से बिहार की जनता डर गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि वे सभी माताओं का सम्मान करते हैं और उनकी पार्टी इस बंद का समर्थन करती है। जेडीयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता ने कहा कि अगर आप प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, तो आप पूरे देश की माताओं और बहनों को गाली देते हैं।