बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी सभी दलों ने शुरू कर दी है। इस बीच, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का नीतीश कुमार से भरोसा उठ गया है और अब बिहार बदलाव चाहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार बिहार में बदलाव होगा।
अलका लांबा ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को बिहार दौरे पर आएंगी। उनका कार्यक्रम महिला मतदाताओं को आकर्षित करने और महागठबंधन के साथ मिलकर महिलाओं के मुद्दों को उठाने पर केंद्रित रहेगा। सदाकत आश्रम में एक कार्यक्रम के बाद, प्रियंका गांधी मोतिहारी के लिए रवाना होंगी, जहां वे एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगी। रैली में महिला सशक्तिकरण, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जोर दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी का पहला पड़ाव पटना स्थित सदाकत आश्रम होगा, जहां वे महागठबंधन के घटक दलों की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगी। महिला कांग्रेस का मानना है कि यह संवाद बिहार की राजनीति में महिलाओं के बदलते रुख को मजबूत करेगा। अलका लांबा ने कहा कि एक समय था जब महिलाएं नीतीश कुमार के साथ खड़ी थीं, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब वो नहीं रहे, जिनसे महिलाओं का भरोसा उठ गया है। अब महिलाएं उनके साथ नहीं हैं और बिहार की महिलाएं उनसे दुखी हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बिहार में एक बड़ा बदलाव होगा और इस बार एनडीए को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। अलका लांबा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में महिलाओं को 10 हजार रुपये देने की घोषणा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने महिलाओं के लिए घोषणा की, तो चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री ने इस तरह की घोषणाएं करनी शुरू कर दीं, लेकिन बिहार की महिलाएं समझदार हैं और वे बहकावे में नहीं आएंगी।