दिल्ली में बारिश का दौर थम गया है और अब तेज धूप निकल रही है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी दिल्ली में चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिनों तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है, यानी 21 से 26 सितंबर तक मौसम साफ रहेगा।
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और आने वाले दिनों में भी तापमान इसी के आसपास रहने का अनुमान है। 21 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश हो सकती है। 21 से 24 सितंबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी भारी बारिश की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर जारी है, और उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है। 21 सितंबर को मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 21 और 22 सितंबर को कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है।
अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 21 से 24 सितंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है। 21 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में बिजली कड़कने के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
21 और 22 सितंबर को तमिलनाडु, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। 21, 24-26 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है। 21 से 25 सितंबर के दौरान इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।