बिहार के शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी की बेटी के साथ उसने दुष्कर्म किया। पीड़ित लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़की ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता ने उसे 6 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। मौका पाकर लड़की ने डायल 112 पर संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे छुड़ाया। लड़की के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। फिलहाल आरोपी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
आरोपी की पहली पत्नी से यह बेटी हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद पिता ने अपनी साली से शादी कर ली। पहली पत्नी ने भी दूसरी शादी की, और बेटी अपनी मां के साथ रहने लगी। चार महीने पहले पिता उसे अपने साथ ले आया। घरेलू विवाद के बाद सौतेली मां बच्चों के साथ चली गई, जिसके बाद पिता और बेटी अकेले थे। इसी दौरान पिता ने बेटी को बंधक बनाया। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित लड़की को सुरक्षा प्रदान की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा है।