बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में होने वाले हीरो एशिया कप 2025 के प्रचार-प्रसार के लिए ट्रॉफी गौरव यात्रा राज्य के सभी जिलों में जा रही है। हॉकी के प्रति उत्साह जगाने के लिए, यह यात्रा 17 अगस्त से शुरू होकर बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड राज्यों से भी गुजरेगी।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि पैदा करना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और इस ऐतिहासिक आयोजन में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। पटना, वैशाली, भोजपुर की यात्रा के बाद, मंगलवार को ट्रॉफी गौरव यात्रा बक्सर, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी पहुंची। सभी जिलों में ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया। बक्सर समाहरणालय में आयोजित स्वागत समारोह में बक्सर के जिलाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या ने लोगों को एशिया कप और इसके बिहार में होने के महत्व के बारे में बताया।