बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। खबर है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) को बड़ा झटका लग सकता है। JDU के फायरब्रांड विधायक डॉक्टर संजीव कुमार के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर संजीव कुमार की नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात भी हो चुकी है।
इस मुलाकात की एक तस्वीर भी वायरल हो रही है। जानकारी के मुताबिक, खगड़िया के परबत्ता से विधायक डॉक्टर संजीव कुमार पिछले कुछ समय से JDU से नाराज चल रहे हैं। माना जा रहा है कि वह इस चुनाव से पहले RJD में शामिल हो सकते हैं।
संभावना है कि 3 अक्टूबर को तेजस्वी यादव की मौजूदगी में डॉक्टर संजीव RJD की सदस्यता लेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि खगड़िया के गोगरी में 3 अक्टूबर को एक बड़ी सभा का आयोजन किया गया है, जिसमें डॉक्टर संजीव RJD में शामिल हो सकते हैं।
डॉक्टर संजीव पिछले कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनके कई बयान JDU नेतृत्व के खिलाफ भी रहे हैं। पिछले साल जब नीतीश कुमार ने महागठबंधन से अलग होकर NDA के साथ जाने का फैसला किया था, तब भी डॉक्टर संजीव ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
EOU ने विधायकों की खरीद-फरोख्त की साजिश के मामले में डॉक्टर संजीव से पूछताछ भी की थी। परबत्ता इलाके में डॉक्टर संजीव की अच्छी पकड़ मानी जाती है। अगर वह JDU छोड़कर RJD में शामिल होते हैं, तो RJD को भूमिहार समुदाय का समर्थन मिल सकता है।