बिहार की राजधानी पटना में टीवी9 डिजिटल बिहार बैठक में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के नेता मुकेश सहनी शामिल हुए। मुकेश सहनी की पार्टी महागठबंधन का हिस्सा है और वो राज्य में चुनाव के लिए पर्याप्त सीटें चाहती है। मुकेश सहनी ने कहा कि वो महागठबंधन का ही हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें अब भी बीजेपी की ओर से ऑफर मिलते रहते हैं। उन्होंने एक किस्सा सुनाया जिसमें बताया कि बीजेपी की तरफ से उन्हें भविष्य में मुख्यमंत्री बनने का ऑफर मिल रहा है।
मुकेश सहनी ने कहा, ‘मैंने बिहार में लड़ाई लड़कर बताया कि मल्लाह का बेटा सिर्फ मछली नहीं मारता, विधायक, मुख्यमंत्री और मंत्री भी बनाता है। मैंने संघर्ष करके 4 विधायक बनाए।’ उन्होंने बीजेपी पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘हमारे 4 विधायक तोड़े गए। उन्हें मुकेश सहनी से तकलीफ नहीं है, वो आज भी हमें ऑफर करते हैं कि मेरे साथ आइए, हम भविष्य में आपको सीएम बनाएंगे। उनकी लड़ाई यह है कि अगर निषाद का बेटा जग जाएगा तो अपना हिस्सा मांगेगा।’
डिप्टी सीएम बनने के सवाल पर मुकेश सहनी ने कहा कि 6 दलों का गठबंधन है। हर एक पार्टी को सहयोगी की जरूरत पड़ती है। महागठबंधन में तेजस्वी यादव जी के नेतृत्व में चुनाव होगा और वो सीएम बनेंगे। इंडिया गठबंधन 6 दलों का गठबंधन है, इसमें कोई पार्टी छोटी-बड़ी नहीं है। सरकार बनेगी तो महागठबंधन की बनेगी। सरकार में भूमिका तय है कि सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी है इसलिए सीएम उनका होगा। एक अति पिछड़ा का बेटा, जिसका खुद का 11 प्रतिशत वोट होगा, तो सरकार बनेगी तो हमारी भूमिका होगी और डिप्टी सीएम एक मल्लाह का बेटा बनेगा।
मुकेश सहनी ने बताया कि जब भी उन्होंने राज्य में उपचुनाव लड़ा है, तब 14-15 प्रतिशत वोट अकेले अपने दम पर हासिल किया है। कांग्रेस को बड़ा भाई बनाकर हम चुनाव लड़ रहे हैं। तेजस्वी यादव सबसे बड़ी पार्टी है। हम चाहते हैं कि हमारी पार्टी बड़ी हो और हम एक अच्छे नंबर पर चुनाव लड़ें। हमारी सहयोगी बड़े घटक दल है। सीट शेयरिंग पर उन्होंने कहा कि मुकेश सहनी से ज्यादा सीट पर कांग्रेस लड़ेगी। उन्होंने सीटों की संख्या नहीं बताई, लेकिन कहा कि अच्छी संख्या पर ही चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा, ‘सन ऑफ मल्लाह जहां खड़ा है, वहां से सरकार बनाने की गांरटी है, इसीलिए हमें बार्गेनिंग करने की जरूरत नहीं है।’
मुकेश सहनी ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार पिछले 20 साल से राज्य को चला रहे हैं, लेकिन आज वो अस्वस्थ हो गए हैं, राज्य सही से नहीं चल रहा, भ्रष्टाचार बढ़ गया है और लॉ एंड ऑर्डर पूरा खत्म हो चुका है। इसी के चलते बिहार की जनता इस बार हम लोगों को मौका देगी। हम लोग मजबूती से सरकार बनाएंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।