बिहार के चुनावों में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने अपनी एंट्री की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि वे राज्य के चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज बिहार दौरे पर आए थे और उन्होंने राज्य के बिहटा में चर्चित ‘आई लव महादेव’ और ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इस पूरे विवाद पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा, ‘आई लव महादेव और आई लव मुहम्मद विवाद जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए शुरू किया गया है। महादेव पूजा का विषय हैं या प्रेम का? यह महादेव का अपमान है। मैं मोहम्मद के बारे में नहीं जानता। मोहम्मद पर टिप्पणी करना मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘जो मोहम्मद को मानते हैं, वे शायद उनके बारे में जानते होंगे, लेकिन मुझे महादेव से प्रेम है, यह कहना महादेव का अनादर है। महादेव का अपमान है। हम महादेव के साथ ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करते। इस तरह की भाषा का उपयोग परंपरागत धार्मिक दृष्टिकोण से गलत माना जाता है।’
हाल के दिनों में सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर ‘आई लव मुहम्मद’ को लेकर बवाल सामने आया है। इसी का विरोध करते हुए हिंदू संगठनों ने ‘आई लव महादेव’ के नारे लगाए। इस नारे के समर्थक इसे भक्ति और आस्था का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे धार्मिक भावनाओं का अनादर बता रहे हैं।