28 सितंबर मौसम समाचार: पहले भारी बारिश और अब फिर से तपती गर्मी वापस आ गई है। उत्तर भारत में, चाहे वह मैदानी इलाका हो या पहाड़ी क्षेत्र, हर कोई गर्मी से परेशान है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ समय और गर्मी परेशान करेगी। दिल्ली से लेकर हिमाचल प्रदेश तक, मौसम गर्म और उमस भरा है। लेकिन मध्य भारत में मौसम का मिजाज कुछ और ही है। महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश अभी भी लोगों को परेशान कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो पूरे सप्ताह गर्मी रहने के बाद शनिवार को यहां थोड़ी राहत मिली। आज, मौसम मिलाजुला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन गर्मी भी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम 28 डिग्री से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रात में तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है। कुल मिलाकर, दिल्ली के लोगों को अभी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश की बात करें तो रविवार को कई जिलों में छिटपुट बादलों के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, जालौन, बांदा और चित्रकूट में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिल सकता है। इन जिलों में हल्की बारिश की भी संभावना है। इसके अलावा, आगरा, फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, एटा, फर्रुखाबाद, हरदोई, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, गोंडा, श्रावस्ती, बस्ती, गोरखपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और बलरामपुर के आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। सोमवार (29 सितंबर) से अन्य जिलों में भी काले बादलों का जमावड़ा देखने को मिलेगा।
रविवार को राजधानी लखनऊ में मौसम सामान्य रहेगा। आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 30 सितंबर से लखनऊ में बारिश की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा। आज अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, कानपुर और बाराबंकी में भी धूप खिलेगी। इन जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। नोएडा में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
राजस्थान से मानसून की विदाई
राजस्थान का मौसम
दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान से विदा हो गया है। राजस्थान के सभी हिस्सों से मानसून 26 सितंबर को विदा हो गया। 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक राज्य के पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बिहार का मौसम
बिहार में 2 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हो सकती है। आज यानी रविवार को बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। पटना, गयाजी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर सहित शेष जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। इन जिलों में बारिश नहीं होगी। तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है। उमस के कारण पसीने छूटेंगे। हालांकि, धूप में नमी हो सकती है।
हिमाचल का मौसम
पहाड़ी इलाके भी इस समय गर्मी की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश में 3 अक्टूबर तक मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहेगा और अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला, सोलन और ऊना में फिलहाल लोग तेज गर्मी झेल रहे हैं।
उत्तराखंड का मौसम
आने वाले दिनों में उत्तराखंड का शुष्क मौसम मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी से परेशान कर सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं बादल छाए रह सकते हैं, कहीं हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को राज्य के पांच जिलों में बारिश की संभावना है। चमोली, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें आने की संभावना है, जबकि राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज देहरादून में आसमान साफ रहने या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र और अन्य राज्यों का हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 29 सितंबर तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कोंकण में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट है। आईएमडी ने पालघर जिले के लिए 28 और 29 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले में भारी बारिश की संभावना है। चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। रविवार को मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी गई। इसे देखते हुए बीएमसी ने रविवार यानी 28 सितंबर को लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की। बीएमसी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। 28 सितंबर के अलावा, 29 सितंबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।