बिहार के बांका जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला शादी के 4 महीने बाद ही अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई। महिला को रील बनाने का शौक था और इसी दौरान उसकी नजदीकियां एक युवक से बढ़ गईं। महिला के पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पत्नी को वापस लाने की गुहार लगाई है। पीड़ित पति ने ससुराल वालों पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, घटना रजौन थाना क्षेत्र के कठचातर गांव की है। 24 वर्षीय दिलीप दास की शादी 16 मई 2025 को हुई थी। दिलीप ने बताया कि शादी के बाद पत्नी 3 महीने तक ही ससुराल में रही और बाद में मायके चली गई। पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती थी और रील बनाती थी। हाल ही में उसने देखा कि पत्नी ने एक अज्ञात युवक के साथ वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिससे उसे शक हुआ कि पत्नी का प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
पति का आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर पत्नी को प्रेमी के साथ भगा दिया। महिला अपने साथ डेढ़ लाख रुपये भी ले गई। दिलीप ने बताया कि वह चेन्नई में मजदूरी करता है और कई बार पत्नी को लाने ससुराल गया, लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया। युवती के पिता ने भी दामाद पर बेटी को लापता करने का आरोप लगाया है। रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।