कोरबा जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपने ससुराल में घुसकर चाचा ससुर और साली पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के उमेंदी भांठा की है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी जवान कोरबा जिले के बांगो बांध की सुरक्षा में तैनात था। आज सुबह वह ड्यूटी से सीधे उमेंदी भांठा में स्थित अपने ससुराल पहुंचा और अपनी राइफल से चाचा ससुर और उनकी बेटी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद ससुराल के अन्य लोग इधर-उधर भागने लगे। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी जवान का कुछ साल पहले पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद से आरोपी के परिवार और महिला के परिवार के बीच विवाद चल रहा था। जवान तलाक की बात को लेकर काफी परेशान था। इसी वजह से उसने अपनी राइफल से ससुराल पहुंचकर फायरिंग की। इस अचानक हुई वारदात से पूरा परिवार दहशत में आ गया और चीख-पुकार मच गई।