रायपुर: छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार हो गया। तीन विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली। गजेंद्र यादव (दुर्ग संभाग से), गुरु खुशवंत साहब (रायपुर संभाग से) और राजेश अग्रवाल (सरगुजा संभाग से) ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। गजेंद्र यादव ने अपने पिता के नाम के साथ शपथ ली। इसके बाद आरंग से विधायक गुरु खुशवंत साहब ने शपथ ली, और अंत में सरगुजा से विधायक राजेश अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद तीनों नए मंत्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा – आज शपथ लेने वाले मेरे कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएँ। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी मंत्रीगण पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा करेंगे, विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय लिखेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त मंत्रीगण अपनी समर्पित निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ जनसेवा के लिए तत्पर रहेंगे, और छत्तीसगढ़ राज्य को विकास और सुशासन की दिशा में नए आयाम देंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी मंत्रियों के उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार सामूहिक सहयोग और प्रतिबद्धता से जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।
आज दोपहर बाद तीनों मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया जाएगा। कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किए जाएंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री के पास मौजूद शिक्षा जैसे विभाग भी अन्य मंत्रियों को सौंपे जाएंगे।
संभावना है कि गुरु खुशवंत साहब को धर्म, संस्कृति और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। गजेंद्र यादव को शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग दिए जाने की संभावना है। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल को परिवहन और खनिज संसाधन विभाग मिलने की उम्मीद है।