मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में स्थित लुत्ती बांध के टूटने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी गलतियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सीएम साय ने कहा कि मैदानी अधिकारी और कर्मचारी नियमित निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार फील्ड में जाकर बांधों सहित अन्य संरचनाओं का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने मंत्रालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक भी ली, जिसमें सिंचाई परियोजनाओं के रखरखाव और मरम्मत, बांधों की जलभराव क्षमता, वर्तमान सिंचाई स्थिति और आगामी परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 का कड़ाई से पालन करने और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बस्तर और सरगुजा संभाग की अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।