रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गनाइजेशन (जेईटीआरओ) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जिसमें निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
बैठक में आईटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को राज्य की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में निवेश के नए रास्ते तलाशने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, भारत के केंद्र में स्थित एक उभरता हुआ औद्योगिक और निवेश स्थल है। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचे के माध्यम से वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रही है।
जेट्रो प्रतिनिधियों के साथ चर्चा से छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर ‘Deep Space – To the Moon & Beyond’ प्रदर्शनी का भी दौरा किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों का यह प्रदर्शन, आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से बन रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई कि जापान यात्रा से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस परिणाम मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य न केवल प्रदेश को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि उसे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विश्व स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाना भी है।