दिल्ली के मौसम में यह क्या हो रहा है? एक तरफ जहां राजधानी में लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं, वहीं उसके पास के जिले मेरठ और मथुरा में बारिश का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग ने इन दोनों जिलों में 18 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि दिल्ली में अगले पांच दिनों तक, यानी 22 सितंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली में 8 सितंबर के बाद से बारिश नहीं हुई है। आईएमडी के अनुसार, अगले 22 सितंबर तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
दिल्ली स्टेशन से मेरठ की दूरी लगभग 82 किमी है, जबकि दिल्ली से मथुरा की दूरी 183 किमी है। इन दोनों जिलों में अगले 48 घंटों तक बारिश का अलर्ट है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
देश में अभी मानसून पूरी तरह से विदा नहीं हुआ है। मानसून के प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश ने तबाही मचा रखी है। देहरादून में मंगलवार को बादल फट गया, जिससे सहस्त्रधारा क्षेत्र में भूस्खलन और भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में भारी बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू हो चुका है। आज पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दोनों भागों में कहीं-कहीं बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना भी जताई है। आने वाले 3-4 दिनों तक पूर्वांचल, मध्यांचल और तराई के जिलों में बादल गरजने के साथ मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
बिहार में 19 सितंबर तक भारी बारिश
बिहार में 19 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज बारिश के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश देखने को मिल सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में बारिश का अनुमान है।
पंजाब-हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
कोंकण-गोवा में 18 सितंबर तक बारिश की संभावना है। हरियाणा के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 17-20 सितंबर तक राज्य में मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसा ही मौसम पंजाब में भी देखने को मिल सकता है, जहां कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ों पर मची है भारी तबाही
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बीते कल बादल फट गया था। इस आपदा के बाद कई लोगों के लापता होने और मरने की सूचना है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भी भारी बारिश के कारण भारी तबाही हुई। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, नैनीताल और चंपावत सहित 7 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में भी आज बारिश के बाद कल राहत मिल सकती है।