भारी बारिश और जलभराव के बाद दिल्ली की स्थिति सामान्य हो रही है। यमुना के जलस्तर में कमी आई है। 1 सितंबर से 8 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया था। अब बारिश का दौर थम गया है। अगले 5 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना नहीं है। गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। 10 से 15 सितंबर तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है, केवल धूप और बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है। 11 और 12 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 15 सितंबर को फिर भारी बारिश हो सकती है। आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 11 सितंबर को दोनों हिस्सों में बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में आज, छत्तीसगढ़ में 13 सितंबर तक, बिहार में 12 सितंबर तक, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 सितंबर तक, ओडिशा में आज से 12 सितंबर तक, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कल तक बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 13 से 15 सितंबर और कोंकण और गोवा में 14 और 15 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।
नागालैंड और मणिपुर में 11 और 12 सितंबर को और अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 12-14 तारीख के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 13 सितंबर, उत्तराखंड में 12 से 14 सितंबर तक बारिश का अनुमान है।