छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार रात को बेबीलोन टॉवर में भीषण आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया और टॉवर की बिजली बंद कर दी। टॉवर पैक होने की वजह से लोगों को घुटन होने लगी। फंसे हुए लोगों को निकालने का काम शुरू किया गया और 7वीं मंजिल तक लोग फंसे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, आग तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित बेबीलोन टॉवर के निचले तल पर लगी। देखते ही देखते आग 7वीं मंजिल तक फैल गई। किसी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए टॉवर की लाइट काटी गई, जिससे आग ज्यादा न फैले।
टॉवर में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। धुएं और बिजली गुल होने के कारण लोगों को घुटन महसूस होने लगी और उन्होंने मदद के लिए पुकार लगाई। टॉवर की ऊपरी मंजिल पर रेस्टोरेंट भी हैं, जहां कई लोगों के फंसे होने की खबर थी।
रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह और एसपी लाल उमेंद सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। बचाव अभियान जारी रहा और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की चुनौती थी। कलेक्टर ने बताया कि बेसमेंट की लिफ्ट से आग लगी थी। बचाव अभियान पूरा हो गया है और 47 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।