मानसून के प्रभाव से अभी भी कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस चला गया है। 24 सितंबर 2025 को दिल्ली से मानसून की विदाई हो चुकी है। आज दिल्ली में मौसम पूरी तरह से साफ रहने वाला है और तेज धूप खिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में उमस हो सकती है। कल भी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। 27 तारीख को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 30 तारीख तक दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में, मानसून फिर से बारिश लाने को तैयार है। आज पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। 26 सितंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 27, 28 और 29 तारीख को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में महज ढाई घंटे में 185 मिमी तक बारिश हुई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं। अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है।